एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

राष्ट्रीय खेल दिवस पर नेपाल और उत्तराखंड की कबड्डी टीमों के बीच होगा मैत्रीपूर्ण मुकाबला

उत्तराखंड उवाच कमल मिश्रा 

हरिद्वार। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में कबड्डी खेल को नई अंतरराष्ट्रीय पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। नेपाल की कबड्डी टीम के उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के दौरान 29 अगस्त 2026 को नेपाल एवं उत्तराखंड की कबड्डी टीमों के बीच मैत्रीपूर्ण मुकाबला आयोजित किया जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्तराखंड कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि नेपाल कबड्डी टीम द्वारा उत्तराखंड प्रवास के दौरान राज्य की टीम के साथ मैत्रीपूर्ण मैच खेलने पर विचार-विमर्श किया गया था जिसके बाद इस मुकाबले के आयोजन का निर्णय लिया गया है। यह मैच 29 अगस्त को हरिद्वार स्थित दिव्य प्रेम मिशन, चंडीघाट के इंडोर हॉल में सायं 5:00 बजे से 6:00 बजे तक खेला जाएगा।

महेश जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह मुकाबला उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीम के साथ अपनी प्रतिभा और खेल कौशल को परखने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक खेलप्रेमी दर्शकों और खिलाड़ियों को इस मुकाबले का आनंद मिल सके, इसे ध्यान में रखते हुए मैच का समय सायं 5 बजे निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि नेपाल की कबड्डी टीम 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के नागोया शहर में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों में प्रतिभाग करेगी और इसके लिए टीम अपनी तैयारियों में जुटी हुई है। ऐसे में उत्तराखंड की टीम के साथ होने वाला यह मुकाबला नेपाल की टीम के लिए भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से पूर्व अभ्यास का उपयोगी अवसर साबित होगा।

उत्तराखंड कबड्डी संघ के महासचिव चेतन जोशी ने कहा कि नेपाल और उत्तराखंड के बीच होने वाला यह मैत्रीपूर्ण मुकाबला उत्तराखंड के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खेलने और अपने खेल स्तर को बेहतर करने का अनुभव देगा। वहीं, नेपाल की टीम को भी विदेशी धरती पर दर्शकों के बीच खेलने का अनुभव प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक और लोकप्रिय भारतीय खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के मैत्रीपूर्ण मुकाबले बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द और अंतरराष्ट्रीय अनुभव का आदान-प्रदान बढ़ता है तथा युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलती है।
उत्तराखंड कबड्डी संघ ने प्रदेश के सभी खेलप्रेमियों, खिलाड़ियों एवं कबड्डी से जुड़े युवाओं से अपील की है कि वे इस अंतरराष्ट्रीय मैत्रीपूर्ण मुकाबले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दोनों टीमों का उत्साहवर्धन करें और राष्ट्रीय खेल दिवस के इस विशेष अवसर को खेल भावना के साथ मनाएं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!