स्वच्छता की सीख, स्वस्थ जीवन की नींव 7 विद्यालयों के 478 विद्यार्थियों को किया जागरूक
आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सौजन्य एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कमल मिश्रा
हरिद्वार। आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सौजन्य एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम (SBMA) के द्वारा विद्यालयों में बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा उनमें स्वस्थ जीवनशैली की आदतों को विकसित करने के उद्देश्य से स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस गतिविधि के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय बहादराबाद, पूरणपुर, ज्वालापुर नंबर-4, बगोंवाली, सलेमपुर, गढ़मीरपुर एवं जमालपुर खुर्द सहित कुल 7 विद्यालयों के 478 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को हाथ धोने की सही विधि, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा शौचालय के नियमित एवं उचित उपयोग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को हाथ धोने के विभिन्न चरणों को समझाने के साथ-साथ इसका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियां
हाथ धोने की सही विधि: बच्चों को साबुन से सही तरीके से हाथ धोने के चरणों की जानकारी दी गई तथा अभ्यास कराया गया।
स्वास्थ्य एवं स्वच्छता: भोजन करने से पहले और शौचालय का उपयोग करने के बाद साबुन से हाथ धोने के महत्व को समझाया गया।

व्यक्तिगत स्वच्छता: नाखूनों की नियमित सफाई, साफ कपड़े पहनने तथा शरीर को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया गया।
शौचालय का उचित उपयोग: बच्चों को शौचालय का नियमित उपयोग करने और उसकी स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

– स्वच्छ आदतों को बढ़ावा: बच्चों को स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने तथा अपने परिवार और समुदाय में भी जागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की यह पहल विद्यालयों में स्वच्छता की संस्कृति विकसित करने तथा बच्चों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।






