आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा किया गया आंगनवाड़ी सीतापुर नंबर 2 का कायाकल्प

प्रधान संपादक कमल मिश्रा

हरिद्वार। सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण की भावना को साकार करते हुए आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं उनकी सहयोगी संस्था श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा आंगनवाड़ी सीतापुर नंबर 2 का व्यापक कायाकल्प कार्य पूर्ण कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया है।

सर्वेक्षण के दौरान पाया गया कि उक्त आंगनवाड़ी केंद्र की स्थिति अत्यंत जर्जर एवं चिंताजनक थी। भवन में सुधारीकरण, रंग-रोगन एवं साफ-सफाई की अत्यधिक आवश्यकता थी। परिसर में फैली थे गंदगी एवं ठोस अपशिष्ट के कारण छोटे-छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था। स्थिति इतनी दयनीय थी कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीमा बच्चों को कक्ष के भीतर बैठाने में असमर्थ थीं।

प्रथम कार्यकर्ता आशा द्वारा इस गंभीर स्थिति से अवगत कराए जाने के उपरांत संस्था द्वारा तत्काल जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास विभाग से समन्वय स्थापित किया गया। आवश्यक अनुमति एवं सहमति प्राप्त कर इस आंगनवाड़ी को उदारीकरण एवं कायाकल्प हेतु चयनित किया गया।

इसके पश्चात संस्था की टीम ने सुनियोजित ढंग से व्यापक सुधार कार्य प्रारंभ किया। भवन का पूर्ण रंग-रोगन, मरम्मत, साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण किया गया। परिसर में जमा भारी मात्रा में ठोस अपशिष्ट को हटाने के लिए नगर निगम के एस.एन.ए. उनियाल से समन्वय स्थापित कर दो ट्रॉली कचरा हटवाया गया। यह समस्त कार्य श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की सक्रिय भागीदारी से संपन्न हुआ।
आज वही आंगनवाड़ी केंद्र स्वच्छ, सुसज्जित, सुरक्षित एवं आकर्षक स्वरूप में बच्चों के लिए एक प्रेरणादायी वातावरण प्रस्तुत कर रहा है। अब बच्चे सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण में शिक्षा एवं पोषण सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे।
वार्ड नंबर 59 के निगम पार्षद विनीत चौहान ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “इस आंगनवाड़ी का कायाकल्प वास्तव में एक अनुकरणीय कार्य है। पूर्व की दयनीय स्थिति को बदलकर इसे भव्य एवं दर्शनीय रूप प्रदान करना अत्यंत सराहनीय पहल है।”

यह पहल न केवल बच्चों के स्वास्थ्य एवं भविष्य की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह दर्शाती है कि समर्पित सामाजिक संस्थाएं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित में उल्लेखनीय परिवर्तन ला सकती हैं।
आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा किया गया यह कार्य जनसहभागिता, सामाजिक प्रतिबद्धता एवं उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो अन्य संस्थाओं एवं समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।



