एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

सुरक्षित भोजन, स्वस्थ बचपन का आधार: नवोदय नगर विद्यालय में खाद्य गुणवत्ता पर जागरूकता कार्यक्रम

आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की पहल, भोजनमाता को एप्रन देकर स्वच्छ रसोई का दिया संदेश

कमल मिश्रा 

हरिद्वार, 26 नवंबर 2026। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में आईटीसी मिशन सुनहरा कल और श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम (SBMA) द्वारा संयुक्त रूप से राजकीय प्राथमिक विद्यालय, नवोदय नगर में खाद्य गुणवत्ता सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ खान-पान की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को रोचक एवं सरल तरीके से बताया गया कि संतुलित और पौष्टिक आहार शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए भी आवश्यक है। उन्हें अनाज, दाल, हरी सब्जियां, मौसमी फल और दूध जैसे पोषक खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई। वहीं जंक फूड, अत्यधिक तैलीय एवं पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के अधिक सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई।

खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को खाद्य पदार्थों में मिलावट, दूषित भोजन एवं असुरक्षित खाद्य सामग्री से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में बताया गया। साथ ही खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, निर्माण तिथि एवं समाप्ति तिथि की जांच करने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया। बच्चों को भोजन से पहले और बाद में साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, साफ बर्तनों में भोजन करने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।

भोजनमाता को एप्रन वितरित कर स्वच्छ रसोई के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय की भोजनमाता को एप्रन वितरित किया गया। इस पहल का उद्देश्य मध्यान्ह भोजन तैयार करने एवं परोसने की प्रक्रिया में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के मानकों को बढ़ावा देना था। भोजनमाता को रसोईघर की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, स्वच्छ बर्तनों का उपयोग करने तथा भोजन बनाते समय व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल की ओर से क्वालिटी मैनेजर श्री दिनेश, प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव श्री सचिन एवं सुश्री वामिका चोपड़ा ने विद्यार्थियों और भोजनमाता को खाद्य गुणवत्ता, सुरक्षित भोजन, पोषण एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन के साथ-साथ भोजन तैयार करने और परोसने की प्रक्रिया में स्वच्छता का पालन करना भी बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के कार्यक्रम समन्वयक श्री रंजीत कैंतुरा ने सहभागिता की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में कम उम्र से ही स्वस्थ खान-पान एवं स्वच्छता की आदतें विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित भोजन, स्वच्छ आदतें और संतुलित पोषण ही स्वस्थ बचपन की मजबूत नींव हैं। आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सहयोग से SBMA द्वारा संचालित यह पहल विद्यालयों में स्वास्थ्य, पोषण एवं खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!