उत्तराखंडपिथौरागढ़

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों के साथ जिलाधिकारी ने की बैठक, समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

 

पिथौरागढ़, 16 मार्च 2026।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों की समस्याओं को सुनना तथा उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाना था।

बैठक के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों ने जिलाधिकारी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया। आश्रितों ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है, जिससे उन्हें अपेक्षित सहयोग मिल रहा है।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने पेंशन, सुविधाओं के समुचित लाभ, प्रमाण पत्रों से संबंधित प्रक्रियाओं तथा अन्य प्रशासनिक विषयों से जुड़ी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच करते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का देश की आजादी में अमूल्य योगदान रहा है। उनके त्याग और बलिदान की बदौलत ही आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन यापन कर रहे हैं। इसलिए उनके आश्रितों का सम्मान करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए तथा उन्हें शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्तर पर उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए और समय-समय पर उनकी स्थिति की समीक्षा भी की जाए।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!