उषा इंटरनेशनल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के सिलाई स्कूलों का निरीक्षण, महिलाओं के कार्यों की सराहना

प्रधान संपादक कमल मिश्रा

हरिद्वार। उषा इंटरनेशनल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के सिलाई स्कूलों का निरीक्षण करते हुए महिलाओं के कार्यों सराहना की।
मिर्जापुर क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत आज दिनांक 30 मार्च को उषा इंटरनेशनल के उत्तर भारत के प्रमुख अभिषेक शर्मा द्वारा श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के सहयोग से संचालित सिलाई प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने फेरूपुर, नूरपुर, पंजनहेरी, धनपुरा तथा सराय में संचालित प्रशिक्षण केंद्रों का भ्रमण कर वहां कार्यरत महिलाओं से आत्मीय संवाद स्थापित किया। निरीक्षण के दौरान श्री शर्मा ने महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे परिधानों का सूक्ष्म अवलोकन किया तथा उनके कौशल, कार्यप्रणाली और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

महिलाओं से बातचीत करते हुए उन्होंने उनके अनुभवों, चुनौतियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की, जिससे महिलाओं में बढ़ते आत्मविश्वास और उत्साह की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस सेंटर से हुई, जहां समूह की महिलाओं द्वारा मंदिरों में चढ़े पुष्पों से धूपबत्ती एवं अगरबत्ती बनाने की अभिनव एवं पर्यावरण-अनुकूल प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इस पहल को श्री शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण एवं आजीविका संवर्धन का उत्कृष्ट और प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
इस अवसर पर संस्था के बोर्ड सदस्य एवं मानव संसाधन प्रमुख श्री गिरीश डिमरी तथा परियोजना प्रबंधक डॉ. पंत भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया।
निरीक्षण के उपरांत शर्मा ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं सिलाई प्रशिक्षण केंद्रों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु और अधिक प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर कार्य करने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
कार्यक्रम के दौरान फील्ड स्तर पर स्वागत एवं समन्वय की जिम्मेदारी संकुल स्तरीय सहकारिता की अध्यक्षा श्रीमती विमला जोशी एवं समूह मोटिवेटर पुष्पा बर्मन द्वारा कुशलतापूर्वक निभाई गई।
यह निरीक्षण कार्यक्रम न केवल महिलाओं के कौशल विकास को नई दिशा देने वाला सिद्ध हुआ, बल्कि उनके आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की ओर एक मजबूत कदम भी साबित हुआ।




