हरिद्वार

HCL Tech Grant एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की पहल से बालिकाओं को मिला सपनों को साकार करने का संदेश

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, रानीमाजरा में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर शिक्षा, अधिकारों एवं बाल विवाह रोकथाम के प्रति किया जागरूक

 

हरिद्वार, 13 अक्टूबर 2026। HCL Tech Grant के सहयोग से श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम (SBMA) द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, रानीमाजरा, हरिद्वार में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम का संदेश देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO)  गीता शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, कविता पाठ एवं अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आधारित भाषण प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बालिकाओं को मिला अधिकारी बनने का प्रेरणादायक अवसरकार्यक्रम का विशेष आकर्षण भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिका को एक दिन के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) की भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करना रहा। इस अभिनव गतिविधि के माध्यम से बालिकाओं को अपने भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए शिक्षा के महत्व को समझाया गया। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य चुनें तथा मेहनत और लगन से पढ़ाई कर अपने सपनों को साकार करें। संदेश दिया गया कि शिक्षा के बल पर बालिकाएँ भी प्रशासनिक एवं अन्य उच्च पदों पर पहुँचकर समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।

नुक्कड़ नाटक से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा करने तथा बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जागरूकता फैलाई गई। गतिविधियों ने विद्यार्थियों को बालिकाओं के सम्मान, समान अवसर और शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि CDPO  गीता शर्मा, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर  शकुंतला, चार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, विद्यालय के प्रधानाचार्य  किशनपाल सिंह मेहेर एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। भुवनेश्वरी महिला आश्रम (SBMA) की ओर से सीनियर प्रोग्राम मैनेजर डॉ. एच.बी. पंत, HCLTech Grant परियोजना के प्रोजेक्ट ऑफिसर अमित नेगी, मुंबई स्थित एसपीजैन इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड रिसर्च (SPJMIR) से आये इंटर्नस तथा SBMA की टीम ने कार्यक्रम के आयोजन में सहभागिता की। कार्यक्रम में विद्यालय के 83 छात्र-छात्राओं सहित कुल 107 सदस्यों की उपस्थिति रही।

HCL Tech Grant के सहयोग और श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के प्रयासों से आयोजित यह कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास, शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और भविष्य के प्रति नई आकांक्षाएँ विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।

कार्यक्रम का समापन बालिका शिक्षा, समान अवसर, अधिकारों की सुरक्षा एवं बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के संदेश के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!