एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

जमालपुर कला में सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिले विपिन चौधरी

वेद मंदिर से फ्लाईओवर अंडरपास तक सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ीकरण कराने की उठाई मांग, दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जनहित में बताया जरूरी

उत्तराखंड उवाच ब्यूरो 

हरिद्वार। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री विपिन चौधरी ने गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर जमालपुर कला स्थित वेद मंदिर से फ्लाईओवर अंडरपास तक सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ीकरण कराने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए सड़क की वर्तमान स्थिति, यातायात के बढ़ते दबाव और दुर्घटनाओं की आशंका से अवगत कराया।

विपिन चौधरी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र की जनता की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग का चौड़ीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने कहा कि जमालपुर कला से फ्लाईओवर अंडरपास तक सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। सड़क की सीमित चौड़ाई के कारण यहां यातायात का दबाव बना रहता है, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की ओर से कुंभ मेले के दृष्टिगत इस सड़क पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है, लेकिन केवल मरम्मत से क्षेत्र की यातायात संबंधी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाएगा। सड़क पर वाहनों की बढ़ती संख्या और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए इसका चौड़ीकरण भी बेहद जरूरी है।

ग्रामीणों ने भी उठाई सड़क चौड़ीकरण की मांग

उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे मरम्मत कार्य को लेकर ग्रामीणों एवं कॉलोनीवासियों ने भी विरोध जताया था। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि सड़क का निर्माण बिना चौड़ीकरण के किया जाता है, तो यातायात के अत्यधिक दबाव के कारण लोगों को पहले की तरह ही परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत के साथ-साथ उसके चौड़ीकरण को भी आवश्यक बताते हुए जनहित में ठोस कदम उठाने की मांग की थी।

विपिन चौधरी ने कहा कि सड़क का चौड़ीकरण होने से न केवल यातायात व्यवस्था सुचारु होगी, बल्कि वाहन चालकों और राहगीरों को भी राहत मिलेगी। इसके साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी और क्षेत्र के निवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया, ताकि जमालपुर कला और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!