नशे के खिलाफ धर्म नगरी में गूंजा बिगुल, सांसद त्रिवेंद्र रावत सहित ड्रग इंस्पेक्टर अनिता भारती के साथ सैकड़ों युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

प्रधान संपादक कमल मिश्रा
हरिद्वार। धर्म नगरी में नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक बड़ा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रोग्राम का अयोजन करन पंडित द्वारा किया गया “सफल प्रयास मिशन” एवं “फाइट अगेंस्ट ड्रग्स” के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाने का काम किया। यह अभियान महाराजा अग्रसेन घाट, प्रेम नगर आश्रम चौक और रानीपुर मोड़ जैसे प्रमुख स्थानों पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी देखने को मिली।
अभियान के दौरान सैकड़ों युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नशा मुक्ति की शपथ लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों और आयोजकों द्वारा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता है। साथ ही युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेल-कूद और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र रावत और वरिष्ठ औषधि निरीक्षक अनिता ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है और इसे खत्म करने के लिए केवल सरकारी प्रयास ही नहीं, बल्कि जनभागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। इस अभियान के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि अगर युवा जागरूक और दृढ़ संकल्पित हों, तो समाज से नशे जैसी बुराई को खत्म किया जा सकता है। कुल मिलाकर यह अभियान जनजागरूकता बढ़ाने और समाज को सकारात्मक दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।




