अल्मोड़ा

जनपद में 28 मार्च को आयोजित होगी राजस्व लोक अदालत

उत्तराखंड उवाच ब्यूरो अल्मोड़ा, 26 मार्च 2026

जिलाधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशानुसार जनपद में दिनांक 28 मार्च 2026 को “राजस्व लोक अदालत” का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्ट्रेट अल्मोड़ा द्वारा बार एसोसिएशन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए सहयोग का अनुरोध किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में लंबित राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण हेतु यह विशेष लोक अदालत आयोजित की जा रही है। जनपद के समस्त राजस्व न्यायालयों—कलेक्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में उक्त तिथि को राजस्व लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के लिए प्रभावी तैयारी सुनिश्चित करें। साथ ही बार एसोसिएशन से अपेक्षा की गई है कि अधिवक्ताओं के माध्यम से वादकारियों को लोक अदालत में उपस्थित होने हेतु प्रेरित किया करें, जिससे आपसी सहमति के आधार पर अधिकाधिक मामलों का शीघ्र समाधान संभव हो सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजन को लोक अदालत की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!