भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री विपिन चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी से की शिष्टाचार भेंट

उत्तराखंड उवाच न्यूज
हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा हरिद्वार के नवनियुक्त जिला महामंत्री विपिन चौधरी ने उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने विपिन चौधरी को नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ता के लिए कोई भी पद छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि हर जिम्मेदारी महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी पद पर रहते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना ही संगठन को मजबूत बनाता है। उन्होंने विपिन चौधरी को अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए संगठन को और सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विपिन चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष को हरिद्वार में आगामी समय में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
विधानसभा अध्यक्ष ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं और हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।




