एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

हरिद्वार की पॉश सोसाइटी JURS Country में मूलभूत सुविधाओं का संकट, निवासी परेशान

उत्तराखंड उवाच 

हरिद्वार ।  ज्वालापुर स्थित प्रीमियम और पॉश मानी जाने वाली JURS Country सोसाइटी इन दिनों गंभीर अव्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर चर्चा में है। करोड़ों रुपये खर्च कर यहां फ्लैट खरीदने वाले निवासी अब रोजमर्रा की परेशानियों से जूझने को मजबूर हैं।

सोसाइटी में बीती रात पूरी रात बिजली गुल रही, जबकि मई की भीषण गर्मी में दिनभर भी कई बार बिजली उपलब्ध नहीं हो पाई। हालत यह है कि जिन टावरों में DG बैकअप की सुविधा है, वहां भी जनरेटर पर्याप्त लोड नहीं उठा पा रहे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

करीब 1200 से अधिक परिवारों वाली इस सोसाइटी के निवासी भारी-भरकम मेंटेनेंस शुल्क देने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी का प्रबंधन बेहद कमजोर है और समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्य प्रवेश द्वार पर न तो उचित स्कैनिंग व्यवस्था है और न ही प्रभावी निगरानी, जिससे कोई भी व्यक्ति आसानी से अंदर प्रवेश कर सकता है। इसे लेकर निवासी लगातार सुरक्षा संबंधी चिंताएं जता रहे हैं।

गौरतलब है कि JURS Country पहले भी डॉग बाइट की घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रह चुकी है, लेकिन निवासियों के अनुसार यह समस्या आज भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।

इसी बीच सोसाइटी में नए ब्लॉक्स का निर्माण और बिक्री जारी है। ऐसे में मौजूदा हालात संभावित निवेशकों के मन में भी कई सवाल खड़े कर रहे हैं। निवासियों का कहना है कि खराब प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण यहां का जीवन तनावपूर्ण बनता जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!