ऋषिकेश

महापौर की अध्यक्षता में सीवर समस्याओं और खुदी सड़कों के पुनर्निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

 

ऋषिकेश।  नगर निगम शाखा कार्यालय बापुग्राम में माननीय महापौर  की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया । इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सीवर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना और सीवर लाइन डालने के कारण खुदी हुई सड़कों के पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाना रहा ।

बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और आम जनता को हो रही असुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई । माननीय महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीवर लाइन डालने के बाद सड़कों को बदहाल न छोड़ा जाए, बल्कि उनका अविलंब और गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जाए ताकि स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवागमन में कोई परेशानी न हो ।

इस महत्वपूर्ण बैठक में नमामी गंगे परियोजना के प्रबंधक श्री संजीव कुमार वर्मा, नगर निगम ऋषिकेश के अधिशासी अभियंता  अनिल नेगी, नमामी गंगे के सहायक अभियंता  धर्मेंद्र कुकरेती एवं  दीपक वत्स, और नगर निगम ऋषिकेश के अवर अभियंता श्री संदीप रतूड़ी उपस्थित रहे। इसके साथ ही स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए स्थानीय पार्षद  सचवीर सिंह भंडारी, स्थानीय पार्षद कु0 मुस्कान सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी बैठक में शामिल हुए ।

इस अवसर पर महापौर महोदय ने कहा कि

“जनता की सहूलियत हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है । विकास कार्यों के कारण आम नागरिकों को लंबे समय तक परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी । सीवर लाइन का काम पूरा होते ही सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य पर किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

बैठक के दौरान स्थानीय पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की सीवर और सड़कों से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा । उपस्थित अधिकारियों ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से नोट करते हुए आश्वस्त किया कि तय समय-सीमा के भीतर सड़कों के पुनर्निर्माण और सीवर की समस्याओं का स्थायी समाधान कर लिया जाएगा ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!