ऋषिकेश

महापौर शम्भू पासवान ने किया बहुमंजिला पार्किंग निर्माण का स्थलीय निरीक्षण

ऋषिकेश की यातायात व्यवस्था और जाम से मुक्ति दिलाने में मील का पत्थर साबित होगी यह परियोजना

 

नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग और कार्यालय भवन का काम तेज करने के निर्देश

ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश के महापौर  शम्भू पासवान ने आज नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग एवं नए कार्यालय भवन का प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की और परियोजना को तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कार्यदायी संस्था को काम की गति बढ़ाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत महत्वाकांक्षी परियोजना है और स्थानीय जनता, श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को इसका लाभ जल्द से जल्द मिलना चाहिए।

महापौर शंभू पासवान ने कहा कि “इस बहुमंजिला पार्किंग के शुरू होने से शहर के मुख्य बाजार और प्रमुख पर्यटक स्थलों पर आने वाले स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को वाहन पार्किंग की असुविधा से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। इससे शहर की यातायात व्यवस्था सुधरेगी और ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान होगा।”

निर्माण की गुणवत्ता को लेकर महापौर ने संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या घटिया सामग्री का उपयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद टीम को मानकों के अनुरूप निर्माण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने और पूरी प्रक्रिया की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए।

इस महत्वपूर्ण स्थलीय निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त  विजय नाथ शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त  चन्द्रकांत भट्ट, अधिशासी अभियंता  अनिल नेगी, एम.डी.डी.ए. (MDDA) के अधिकारी  सुनील कुमार, सहायक अभियंता  अभिषेक भारद्वाज, यू.पी.सी.एल. (UPCL) के अधिकारी  अर्चित कुमार तथा ठेकेदार  राकेश शर्मा सहित निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!