एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

महापौर किरण जैसल ने शहरी विकास मंत्री एवं सचिव शहरी विकास से मुलाकात कर  हरिद्वार शहर के सुनियोजित विकास हेतु की  विशेष आर्थिक पैकेज की मांग

कुंभ मेले और शहर के विकास कार्यों में नहीं आने दी जाएगी आर्थिक कमी, हरसंभव सहयोग का आश्वासन - राम सिंह कैड़ा

कमल मिश्रा

शहर की सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण, ड्रेनेज एवं सीवर व्यवस्था के विस्तार, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली, शहर की नियमित एवं वैज्ञानिक सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों के आधुनिकीकरण, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, पार्किंग सुविधाओं के विस्तार, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, घाटों के पुनर्विकास, गंगा तट की स्वच्छता अन्य समस्याओं को रखा समक्ष 

हरिद्वार।  महापौर किरण जैसल ने  शहरी विकास मंत्री  राम सिंह कैड़ा एवं शहरी विकास सचिव  नितेश झा से शिष्टाचार  भेंट कर शहर समग्र, सुनियोजित एवं दीर्घकालिक विकास के साथ-साथ आगामी कांवड़ मेला एवं कुंभ मेला की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

मुलाकात के दौरान हरिद्वार को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित, आधुनिक एवं विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर महापौर किरण जैसल ने मंत्री एवं सचिव को अवगत कराते हुए कहा कि हरिद्वार केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश और विश्व की आस्था का प्रमुख केंद्र है। वर्षभर लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक हरिद्वार पहुंचते हैं, जबकि कांवड़ मेला और कुंभ मेले के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे में शहर के आधारभूत ढांचे को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

हरिद्वार शहर की सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण, ड्रेनेज एवं सीवर व्यवस्था के विस्तार, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली, शहर की नियमित एवं वैज्ञानिक सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों के आधुनिकीकरण, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, पार्किंग सुविधाओं के विस्तार, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, घाटों के पुनर्विकास, गंगा तट की स्वच्छता, नदी किनारे आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विकास तथा स्मार्ट सिटी की अवधारणा के अनुरूप आधुनिक शहरी सुविधाओं के विस्तार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

महापौर ने नगर निगम की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध करते हुए कहा कि हरिद्वार की बढ़ती आबादी, तीर्थ पर्यटन और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए नगर निगम को अतिरिक्त संसाधनों एवं विशेष विकास पैकेज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि समयबद्ध तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाए तो हरिद्वार को देश के सबसे स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित धार्मिक नगरों में शामिल किया जा सकता है।

उन्होंने मेले के दृष्टिगत घाटों की विशेष सफाई, अस्थायी एवं स्थायी शौचालयों की संख्या में वृद्धि, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण की प्रभावी प्रणाली, श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थलों का विकास, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार, यातायात प्रबंधन, सौंदर्यीकरण, आपातकालीन सुविधाओं तथा नगर निगम के संसाधनों को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया।

इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री  राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार के विकास को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से हरिद्वार का विशेष महत्व है। उन्होंने महापौर द्वारा रखे गए सभी विकास संबंधी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने तथा आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरिद्वार में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा कांवड़ एवं कुंभ मेले की सभी आवश्यक तैयारियों के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

शहरी विकास सचिव  नितेश झा ने कहा कि नगर निगम द्वारा प्रस्तुत विकास योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा मेले की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश देने का भी आश्वासन दिया।

अंत में महापौर किरण जैसल ने शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा एवं शहरी विकास सचिव  नितेश झा का हरिद्वार के विकास के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!