गढ़मीरपुर में बालिका शिक्षा एवं किशोरी सशक्तिकरण की नई पहल: सामुदायिक बैठक के साथ किशोरी समूह का गठन

कमल मिश्रा

हरिद्वार, 13 जुलाई 2026। HCL Tech Grant के सहयोग से एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा ग्राम गढ़मीरपुर के पंचायत भवन में बालिका शिक्षा, शिक्षा में निरंतरता तथा बाल विवाह निषेध विषय पर एक प्रभावी सामुदायिक बैठक का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर ग्राम की किशोरियों का एक सशक्त किशोरी समूह भी गठित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना, विद्यालय में उनकी निरंतरता सुनिश्चित करना, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा किशोरियों के सर्वांगीण विकास एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में कुल 53 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जिनमें 39 महिलाएँ, 12 किशोरियाँ तथा 2 आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियाँ शामिल रहीं। बैठक के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों को परियोजना के उद्देश्य, प्रमुख गतिविधियों तथा समुदाय को मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें बालिका शिक्षा, शिक्षा में निरंतरता एवं बाल विवाह निषेध से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।

बैठक में बालिका शिक्षा के महत्व, महिला सशक्तिकरण में शिक्षा की भूमिका, शिक्षा में आने वाली बाधाओं एवं उनके समाधान, बाल विवाह रोकने में शिक्षा के योगदान, सही आयु में शिक्षा प्राप्त करने की आवश्यकता, शिक्षा में देरी से होने वाले दुष्प्रभाव, बच्चों की शिक्षा के प्रति माता-पिता की जिम्मेदारियों तथा बेटा-बेटी दोनों को समान रूप से शिक्षा प्रदान करने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने अपने विचार एवं अनुभव साझा करते हुए बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथा के उन्मूलन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में ग्राम की किशोरियों का एक समूह गठित किया गया। इस दौरान सभी किशोरियों को परियोजना के उद्देश्य, विभिन्न गतिविधियों एवं उनसे प्राप्त होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। समूह गठन का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, जीवन कौशल, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही उन्हें नियमित समूह बैठकों में सक्रिय सहभागिता, सामूहिक सीखने, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा सामाजिक एवं शैक्षिक मुद्दों पर नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने परिवार एवं समुदाय में बालिका शिक्षा को प्राथमिकता देंगे, प्रत्येक बालिका की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने में सहयोग करेंगे तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। HCL Tech Grant एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की यह पहल ग्राम गढ़मीरपुर में बालिका शिक्षा, किशोरी सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता को नई दिशा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।




