नगर निगम की अभिनव पहल के अंतर्गत स्वच्छता दूत’ घाटों पर चला रहे जागरूकता अभियान, श्रद्धालुओं ने की सराहना

कमल मिश्रा
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान गंगा घाटों की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए घाटों पर ‘स्वच्छता दूत’ तैनात किए गए हैं। नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में संचालित इस अभियान के अंतर्गत स्वच्छता दूत मेगाफोन के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं तथा घाटों पर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दे रहे हैं।

अभियान के दौरान श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें और कूड़ा केवल कूड़ेदानों में ही डालें। साथ ही माँ गंगा में प्लास्टिक, पॉलिथीन, बोतल, बचा हुआ भोजन अथवा अन्य किसी प्रकार का कचरा न डालने का अनुरोध किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त घाटों पर प्लास्टिक की चटाई, प्लास्टिक शीट एवं पॉलिथीन का उपयोग न करने तथा भंडारा अथवा भोजन वितरण के उपरांत पत्तल, दोने, गिलास, बोतल एवं अन्य अपशिष्ट स्वयं उठाकर निर्धारित कूड़ेदानों में डालने की भी अपील की जा रही है। भोजन ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं को भी कूड़ा इधर-उधर न फैलाने और केवल कूड़ेदानों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्वच्छता दूतों द्वारा श्रद्धालुओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के प्रयोग से बचने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए भी निरंतर जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान श्रद्धालुओं ने नगर निगम की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग देने का भरोसा भी जताया।
इस अवसर पर उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक श्री संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक श्री अनिल कुमार, नगर निगम की टीम तथा डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स संस्था के स्वयंसेवियों की सक्रिय उपस्थिति रही। नगर निगम द्वारा इस अभियान में निगम कार्मिकों के साथ-साथ डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स के स्वयंसेवियों का भी सहयोग लिया जा रहा है, जिससे अधिकाधिक श्रद्धालुओं तक स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके।
नगर निगम हरिद्वार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गंगा घाटों की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें और स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त हरिद्वार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।




