हरिद्वार

वर्षों से बंद पड़े बसंत भवन के शिव मंदिर में सावन की शिवरात्रि पर गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

मेयर किरण जैसल ने विधि-विधान से किया भगवान शिव का रुद्राभिषेक, अब प्रतिदिन होगी पूजा-अर्चना

कमल मिश्रा

हरिद्वार। वर्षों से बंद पड़े बसंत भवन के शिव मंदिर में सावन की शिवरात्रि पर गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
मेयर किरण जैसल ने विधि-विधान से किया भगवान शिव का रुद्राभिषेक, अब प्रतिदिन होगी पूजा-अर्चना
सावन की शिवरात्रि के पावन अवसर पर वर्षों से बंद पड़े बसंत भवन स्थित प्राचीन शिव मंदिर के कपाट पुनः पूजा-अर्चना के लिए खोले गए। इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया।

रुद्राभिषेक के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मेयर किरण जैसल ने भगवान शिव का जल, दूध, दही, शहद एवं अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक कर विधिवत पूजा की। उन्होंने कहा कि सावन की शिवरात्रि भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखती है। ऐसे पावन अवसर पर लंबे समय से बंद पड़े मंदिर में दोबारा पूजा-अर्चना का शुभारंभ होना सभी के लिए हर्ष और आस्था का विषय है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों की देखरेख और वहां नियमित पूजा-अर्चना की व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है। बसंत भवन स्थित शिव मंदिर में लंबे समय से पूजा बंद होने के कारण श्रद्धालुओं में भी इसे लेकर भावना थी। अब मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना शुरू होने से क्षेत्रवासियों को भगवान शिव के दर्शन एवं पूजा का अवसर मिलेगा।

मेयर ने बताया कि अब बसंत भवन के शिव मंदिर में प्रतिदिन नियमित पूजा-अर्चना और आरती की जाएगी। श्रद्धालु प्रतिदिन मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन कर सकेंगे। सावन के दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण में भगवान शिव की आराधना करने का अवसर प्राप्त होगा।

 

मंदिर में रुद्राभिषेक के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। लंबे समय बाद मंदिर में धार्मिक गतिविधियां शुरू होने पर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने कहा कि मंदिर में नियमित पूजा शुरू होने से क्षेत्र में सकारात्मक एवं भक्तिमय वातावरण बनेगा।

इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने सभी श्रद्धालुओं को सावन की शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की।
हरहर महादेव के जयघोष और भगवान शिव की आरती के साथ कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
इस मौके पर पार्षद महावीर वशिष्ठ, सूर्यकांत शर्मा, आकाश भाटी, अनिल वशिष्ठ, पार्षद प्रतिनिधि विदित शर्मा, पूर्व पार्षद अनिरुद्ध भाटी, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजभूषण विद्यार्थी, डॉ प्रेमप्रकाश सतलेवाल, मयंक मूर्ति भट्ट, शिवकुमार कश्यप, अजय अरोड़ा, ऋषभ वशिष्ठ आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!