हरिद्वार

स्वच्छता का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचेगा ‘स्वच्छता रथ

स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत आइटीसी मिशन सुनहरा कल एवं SBMA की पहल

 

CDO  डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रथ को किया रवाना

हरिद्वार। स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत ITC Mission Sunehra Kal एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम (SBMA) द्वारा तैयार किए गए स्वच्छता रथ का सोमवार को शुभारंभ किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता रथ को रवाना किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, REAP परियोजना के परियोजना निदेशक कैलाश भट्ट तथा स्वजल के प्रभारी श्री चंद्रमणि त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में ITC Mission Sunehra Kal एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा किया जा रहा कार्य अत्यंत उत्कृष्ट और सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाएं स्वच्छता के साथ-साथ जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रभावी कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्वच्छता रथ के माध्यम से स्वच्छता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा और समाज में सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन आएगा।

स्वच्छता रथ के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण तथा स्वच्छता में सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया जाएगा। लोगों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना करते हुए जिला विकास अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग अथवा संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज का प्रत्येक व्यक्ति यदि स्वच्छता को अपनी दिनचर्या और संस्कार का हिस्सा बनाए, तो स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

ITC Mission Sunehra Kal एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम (SBMA) द्वारा हरिद्वार जनपद में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में लगातार विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्वच्छता रथ इसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को स्वच्छता अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।

अभियान के दौरान *“स्वच्छता में सहभागिता • स्वच्छ भारत • विकसित भारत”* का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। स्वच्छता रथ के माध्यम से विशेष रूप से बच्चों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय समुदायों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने स्वच्छता रथ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखकर इसे जन-जन की जिम्मेदारी और जीवनशैली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!