हरिद्वार

गंगा बंदी के दौरान दक्ष मंदिर एवं शीतला माता मंदिर घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान

आईटीसी मिशन सुनहरा कल सहित विभिन्न संस्थाओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा, लगभग 150 बैग कपड़ा कचरा एकत्रित

कमल मिश्रा 

हरिद्वार, 3 नवंबर। गंगा बंदी के दौरान मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता एवं अविरलता बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार के तत्वावधान में कनखल क्षेत्र स्थित दक्ष मंदिर एवं शीतला माता मंदिर घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त के निर्देशों एवं जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित के दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

अभियान के दौरान गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में फैले कपड़ा कचरे को एकत्रित किया गया। इस दौरान लगभग 150 बैग कपड़ा कचरा एकत्रित कर उचित निस्तारण के लिए नगर निगम हरिद्वार को सुपुर्द किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गंगा घाटों को स्वच्छ रखना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के संकल्प को साकार करना रहा।

आईटीसी मिशन सुनहरा कल की सक्रिय सहभागिता

स्वच्छता अभियान में श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम एवं आईटीसी मिशन सुनहरा कल की टीम ने सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वच्छता कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इनके साथ आदर्श युवा समिति, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स, डीएवी पब्लिक स्कूल की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) यूनिट तथा एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जगजीतपुर की टीमों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों ने घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई करते हुए कपड़ा कचरे को एकत्रित किया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए गंगा एवं उसके घाटों को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश भी दिया।

एचईसी के 165 स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान

अभियान में एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जगजीतपुर के 165 स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया। संस्थान की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी श्री उमराव सिंह के नेतृत्व में शिक्षक शशांक, रूपा बिश्नोई एवं सुनीति त्यागी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों ने घाटों पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वहीं, डीएवी पब्लिक स्कूल की एनएसएस यूनिट ने श्रीमती अमिता सिंह के नेतृत्व में अभियान में सहभागिता की। विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने स्वच्छता कार्यों के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

नगर निगम की टीम रही मौजूद

अभियान में सहायक नगर आयुक्त  गौरव रावत, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकान्त, सफाई निरीक्षक मोहित कुमार तथा सुपरवाइजर बलराम, दीपक, प्रदीप एवं अमित सहित नगर निगम हरिद्वार की टीम उपस्थित रही। नगर निगम की टीम ने एकत्रित कचरे को उचित निस्तारण के लिए सुपुर्द करने की व्यवस्था सुनिश्चित की।

एनएसएस जिला समन्वयक ने किया स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. एस.पी. सिंह ने कार्यक्रम अधिकारी, शिक्षकगण एवं स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों में निरंतर सहभागिता का आह्वान किया।

जनसहभागिता से ही संभव है स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार

नगर निगम हरिद्वार की ओर से अभियान में सहयोग करने वाली सभी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की गई। नगर निगम ने कहा कि मां गंगा की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

गंगा बंदी के दौरान चलाए जा रहे ऐसे स्वच्छता अभियान घाटों पर जमा कचरे के उचित निस्तारण के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभिन्न संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के संकल्प को और मजबूती मिल रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!