सर्दियों में क्यों बढ़ जाता है हार्ट अटैक का खतरा? ठंड के साथ प्रदूषण भी दिल के लिए नुकसानदायक

कमल मिश्रा
नई दिल्ली। सर्दियों का मौसम भले ही सुहावना लगता हो, लेकिन यह दिल के मरीजों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है। तापमान कम होने पर शरीर गर्मी बनाए रखने के लिए खून की नसों को सिकोड़ देता है। इससे ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और दिल को खून पंप करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। ऐसे में पहले से हाई ब्लड प्रेशर या दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, साकेत के कार्डियक साइंसेज विभाग के वाइस चेयरमैन एवं यूनिट हेड डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया, “ठंड के मौसम में खून का गाढ़ापन और थक्का बनने की संभावना बढ़ सकती है। इससे दिल की नसों में ब्लॉकेज और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है। बुजुर्गों, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल के मरीजों को खास सावधानी बरतनी चाहिए।”
सर्दियों में दिल्ली-एनसीआर में बढ़ता वायु प्रदूषण भी दिल के लिए खतरा बनता है। हवा में मौजूद बेहद छोटे कण फेफड़ों तक पहुंचकर शरीर में सूजन बढ़ा सकते हैं और खून की नसों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए प्रदूषण ज्यादा होने पर बाहर व्यायाम करने से बचें और बाहर निकलने से पहले एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) जरूर देखें।
डॉ. अग्रवाल के अनुसार, ठंड में सुबह जल्दी बाहर निकलने से बचें, गर्म कपड़े पहनें और नियमित दवाइयां लेते रहें। बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को डॉक्टर की सलाह पर फ्लू और निमोनिया के टीके भी लगवाने चाहिए।
सीने में दर्द या भारीपन, सांस फूलना, असामान्य पसीना, चक्कर या हाथ और जबड़े में दर्द को सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल जाएं। सही सावधानी और समय पर इलाज से सर्दियों में दिल को सुरक्षित रखा जा सकता है।


