प्रियंका गांधी के वायनाड सीट से संसदीय उपचुनाव लड़ने की घोषणा पर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
प्रधान संपादक कमल मिश्रा
हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया के सामने घोषणा करते हुए बताया की राहुल गांधी वायनाड सीट से अपना इस्तीफा देंगे और कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री प्रियंका गांधी वायनाड सीट से लोकसभा का उपचुनाव लड़ेंगी, तभी से हरिद्वार कांग्रेस सहित पूरे देश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। कल ही वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक शर्मा के नेतृत्व में प्रियंका गांधी को उपचुनाव लड़वाने हेतु कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक प्रस्ताव पारित करके कांग्रेस आलाकमान को प्रेषित किया था और आज राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रियंका गांधी जी के वायनाड से उपचुनाव लड़वाने की घोषणा कर दी। घोषणा के बाबत निवर्तमान महापौर अनिता शर्मा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक शर्मा से जब वार्ता की तो उन्होंने बताया की वायनाड सीट प्रियंका गांधी जी भारी मतों से जीतेंगी। इतना ही नहीं अब लोकसभा में मोदी सरकार की मनमानी भी नहीं चलेगी। लोकसभा में मातृशक्ति सहित देश की जनता को एक नई आवाज मिलेगी, जो देश व जनहित के मुद्दों को संसद में प्रखरता से उठाने का काम प्रियंका गांधी करेंगी। उन्होंने साथ ही कहा की प्रियंका गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एक नया जोश पैदा होगा जो कांग्रेस को मजबूती प्रदान करेगा।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, देवेश गौतम और समर्थ अग्रवाल ने कहा की प्रियंका गांधी एक प्रखर वक्ता और संवेदनशील नेत्री है। प्रियंका गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने और जीतने से निश्चित ही कांग्रेस का जनाधार बढ़ेगा। उन्होंने कहा की हमने पिछले चुनाव में देखा कि प्रियंका गांधी ने विपक्ष के व्यक्तिगत हमलों और गोदी मीडिया के सवालों का जवाब बड़ी सहजता और सौम्यता से दिया। उन्होंने कहा की प्रियंका गांधी ने वायनाड से चुनाव लड़ने की हामी भरकर देश के करोड़ों कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान किया है।