पॉड टैक्सी परियोजना के मार्ग को कैबिनेट में मिली मंजूरी
पॉड टैक्सी परियोजना को केबिनेट में मंजूरी देने पर महापौर किरण जैसल ने किया मुख्यमंत्री धामी एवं विधायक कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक आभार व्यक्त

कमल मिश्रा
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के विकास, आधुनिकीकरण एवं पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए पॉड टैक्सी परियोजना के मार्ग को स्वीकृति मिलने तथा इस महत्वाकांक्षी परियोजना से संबंधित प्रस्ताव को प्रदेश मंत्रिमंडल (कैबिनेट) से मंजूरी मिलने पर हरिद्वार की मेयर किरण जैसल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं हरिद्वार के स्थानीय विधायक मदन कौशिक का हार्दिक आभार व्यक्त किया
मेयर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार के लिए पॉड टैक्सी परियोजना केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि शहर के भविष्य, विकास और आर्थिक समृद्धि से जुड़ी एक दूरदर्शी एवं महत्वाकांक्षी परियोजना है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से हरिद्वार की यातायात व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप मिलेगा और शहरवासियों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन की बेहतर, सुगम एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी है, जहां वर्षभर लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक मां गंगा के दर्शन और धार्मिक स्थलों के भ्रमण के लिए पहुंचते हैं। पॉड टैक्सी परियोजना के शुरू होने से न केवल यातायात के दबाव को कम करने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी, बल्कि हरिद्वार के पर्यटन को भी एक नई पहचान और नई गति मिलेगी।
मेयर ने कहा कि आज ऋषिकेश ने पर्यटन के क्षेत्र में देश-दुनिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। इसी प्रकार पॉड टैक्सी जैसी आधुनिक परियोजनाओं के माध्यम से हरिद्वार भी पर्यटन के नए आयाम स्थापित करेगा। इससे देश-विदेश के पर्यटकों का ध्यान ऋषिकेश के साथ-साथ हरिद्वार की ओर भी और अधिक आकर्षित होगा। हरिद्वार आने वाले पर्यटकों को यहां के धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को देखने का बेहतर अवसर मिलेगा। इससे हरिद्वार की पर्यटन क्षमता का विस्तार होगा और शहर की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और मजबूत होगी।
उन्होंने आगे कहा कि इस परियोजना का लाभ केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सकारात्मक प्रभाव हरिद्वार की स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होने से स्थानीय व्यापारियों, होटल एवं धर्मशाला संचालकों, दुकानदारों, छोटे व्यवसायियों, परिवहन से जुड़े लोगों तथा अन्य रोजगारपरक क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। स्थानीय व्यापार को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। निश्चित रूप से यह परियोजना हरिद्वार के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मेयर किरण जैसल ने कहा कि आधुनिक परिवहन सुविधाएं किसी भी विकसित शहर की पहचान होती हैं। पॉड टैक्सी परियोजना के माध्यम से हरिद्वार आधुनिक तकनीक एवं बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। यह परियोजना आने वाले समय में हरिद्वार को स्मार्ट एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रदेश के धार्मिक, पर्यटन, आधारभूत संरचना एवं शहरी विकास को नई गति देने के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। हरिद्वार के प्रति मुख्यमंत्री जी की विशेष प्राथमिकता और विकासपरक सोच का ही परिणाम है कि शहर को ऐसी महत्वपूर्ण परियोजना की सौगात मिल रही है। वहीं स्थानीय विधायक श्री मदन कौशिक जी द्वारा हरिद्वार के विकास से जुड़े विषयों को निरंतर प्राथमिकता देने एवं क्षेत्र के हितों के लिए किए जा रहे प्रयास भी सराहनीय हैं।
मेयर ने कहा कि यह परियोजना केवल हरिद्वार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड प्रदेश के लिए गौरव का विषय बनेगी। देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक एवं पर्यटन नगरी हरिद्वार में आधुनिक परिवहन सुविधा का विकसित होना प्रदेश की विकासशील छवि को देश-दुनिया के सामने और अधिक मजबूत करेगा। इससे उत्तराखंड को पर्यटन, आधुनिक शहरी सुविधाओं और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।


