हरिद्वार

नेपाल बाढ़ आपदा पीड़ितों की मदद को आगे आई गोरखाली महिला कल्याण समिति, 1.70 लाख रुपये की  सहायता भेजी

नेपाल बाढ़ आपदा पीड़ितों की मदद के लिए जुटाई 1.70 लाख की धनराशि 

कमल मिश्रा 

हरिद्वार, 9 अक्टूबर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए गोरखाली महिला कल्याण समिति हरिद्वार ने आर्थिक सहायता जुटाई है। समिति और उसके संरक्षक के सहयोग से एक लाख 70 हजार रुपये की धनराशि एकत्रित की गई। शुक्रवार को देहरादून स्थित गोरखाली सुधार सभा के कार्यालय में यह राशि सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा को सौंपी गई।

गोरखाली महिला कल्याण समिति की ओर से 50 हजार रुपये का सहयोग दिया गया, जबकि समिति के संरक्षक पदम प्रसाद सुबेदी ने एक लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

समिति की अध्यक्ष पदमा पाण्डेय और महामंत्री शारदा सुबेदी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रभावित लोगों की मदद करना सभी का सामाजिक दायित्व है। नेपाल में बाढ़ के कारण लोगों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के लिए समाज के लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सहयोग से आपदा प्रभावित लोगों को राहत मिलेगी। समिति के संरक्षक पदम प्रसाद सुबेदी, रेखा शर्मा और चंपा उपाध्याय ने कहा कि आपदा की घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़े होना मानवीय संवेदना का परिचायक है। सपना खड़का, मंदिरा भंडारी और तारा शर्मा ने भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए सामूहिक प्रयासों को जरूरी बताया।

गिरवर नाथ जनकल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल खड़का ने कहा कि संकट के समय समाज के लोगों को आगे आकर पीड़ितों की मदद करनी चाहिए। इस दौरान लोकनाथ सुबेदी, शमशेर बहादुर बम और विजय शर्मा सुबेदी सहित अन्य कई लोगों ने भी सहयोग किया।

सहायता राशि सौंपने के दौरान पदम प्रसाद सुबेदी, कमला सुबेदी, पदमा पाण्डेय, शारदा सुबेदी, चंपा उपाध्याय, मंदिरा भंडारी, तारा शर्मा, विजय शर्मा सुबेदी, शमशेर बहादुर बम और कमल खड़का सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!