जन्मशताब्दी वर्ष समारोह हेतु राष्ट्रीय नेतृत्व को आमंत्रण
लोकसभा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्रियों से डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने की शिष्टाचार भेंट

कमल मिश्रा
हरिद्वार 2 जुलाई।
अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी ने अपने नई दिल्ली प्रवास के दौरान लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला तथा भारत सरकार के केंद्रीय मंत्रियों श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, श्री चिराग पासवान, श्री सर्बानंद सोनोवाल, श्री भूपेन्द्र यादव एवं श्री सी.आर. पाटिल से आत्मीय शिष्टाचार भेंट की। प्रतिकुलपति ने अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विविध राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों, अखंड दीपक शताब्दी समारोह तथा अन्य विशिष्ट आयोजनों में सहभागिता हेतु आमंत्रित किया।
इन आत्मीय मुलाकातों के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति, वैज्ञानिक अध्यात्म, नैतिक नेतृत्व, युवा सशक्तिकरण, मूल्यनिष्ठ शिक्षा तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की रचनात्मक भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक एवं प्रेरणादायी संवाद हुआ। साथ ही देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा योग, भारतीय ज्ञान परंपरा, समग्र व्यक्तित्व विकास एवं संस्कार आधारित शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे अभिनव प्रयासों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने सभी जनप्रतिनिधियों को जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित विशेष कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए आमंत्रित करते हुए इसे भारतीय संस्कृति, मानवीय मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण के व्यापक जनजागरण का एक महत्वपूर्ण अभियान बताया।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्रियों ने अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा समाज जागरण, संस्कार संवर्धन, नैतिक मूल्यों के प्रसार, सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में किए जा रहे रचनात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यों की सराहना की। उन्होंने माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्मशताब्दी वर्ष समारोह एवं अखंड दीपक शताब्दी समारोह की सफलता, गरिमा एवं जनप्रेरणा के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ दी और इन आयोजनों में सहभागिता का आश्वासन भी व्यक्त किया।



