कॉवड़ियों की सेवा सहयोग करना हम सभी का कर्तव्य-महंत बिष्णु दास
कांवड़ सेवा शिविर में शिवभक्तों की सेवा जारी

श्रवण झा वरिष्ठ पत्रकार
हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला में श्रवणनाथ नगर स्थित श्रीगुरू सेवक निवास उछाली आश्रम में कॉवडियों के लिए भोजन,पेयजल,चाय की सेवा भी लगातार जारी है। कॉवड़ मेला जारी रहने तक चलने वाले शिविर मंे सुबह दस बजे से शुरू कांवड़ सेवा शिविर में शिवभक्त कांवड़ियों भोजन,पेयजल के साथ चाय भी उपलब्ध कराया जा रहा है। सोमवार को बारिश के बीच आश्रम परिसर में दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे के बीच शिवभक्तों को अनवरत भोजन कराया जा रहा है।उछाली आश्रम परमाध्यक्ष महंत विष्णु दास स्वयं कॉवड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।उन्होने कहा कि कॉवड़ मेला में कांवड़ियों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है।उन्होंने कहा कि शिवभक्त कॉवड़िये कठिन यात्रा कर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में उनकी सेवा और सहयोग करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सेवा,समर्पण और मानवता भारतीय संस्कृति की पहचान हैं तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार धर्म और समाज की सेवा में योगदान देना चाहिए। कॉवड़ियों को भोजन कराते समय वे शिवभक्तों से यात्रा के दौरान संयम बनाए रखने,स्वच्छता का ध्यान रखने और पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी कर रहे है।शिविर सेवा में आश्रम के सेवक कांवड़ियों को भोजन करा रहे है।सेवा शिविर में सुबह से देर सायंकाल तक शिवभक्तों की आवाजाही बनी हुई है। आश्रम प्रबंधन की ओर से शिवभक्तों से अपील की जा रही है कि वे शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेते हुए स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। आश्रम में सेवा शिविर के चलते कांवड़ यात्रा में श्रद्धा,सेवा और सहयोग का भाव देखने को मिल रहा है। शिवभक्त कॉवड़ियों के लिए सेवा कार्याे में महंत प्रेम दास,महंत सीताराम दास,महंत कन्हैया दास,स्वामी राघवेन्द्र दास,पुनीत दास,अमन दास,सुभाष जसवाणी,सुरेश खेड़ा,रमेश खनेजा सहित आश्रम के अन्य सेवादार जुटे रहे।




