
कमल मिश्रा
हरिद्वार। आगामी कुंभ की तैयारियों को लेकर एवं हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में किए जा रहे विकास एवं अवस्थापना संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए देहरादून सचिवालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेयर किरन जैसल ने शहरी विकास सचिव नितेश झा के साथ नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं आगामी कुंभ की तैयारियों से संबंधित कार्यों की विस्तार से चर्चा की।
बैठक में आगामी कुंभ के दृष्टिगत नगर निगम क्षेत्र में आवश्यक जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, आंतरिक सड़कों के निर्माण, गंगा घाटों की सफाई व्यवस्था, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्थाओं, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी तथा अन्य आवश्यक कार्यों को लेकर चर्चा की गई। कुंभ के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम स्तर पर की जा रही तैयारियों की भी जानकारी ली गई।
मेयर किरन जैसल ने कहा कि आगामी कुंभ हरिद्वार के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है और इसके सफल आयोजन में नगर निगम की भूमिका अहम रहेगी। उन्होंने कहा कि कुंभ से संबंधित सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता एवं स्थायित्व पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुंभ की तैयारियों से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी आवश्यक हो, वहां आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाई जाए।
मेयर किरन जैसल ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि आगामी कुंभ के दौरान हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके लिए स्वच्छता, सफाई व्यवस्था, प्रकाश, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
शहरी विकास सचिव नितेश झा ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आगामी कुंभ के दृष्टिगत आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की समयसीमा, वर्तमान स्थिति एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली तथा कार्यों को निर्धारित समय पर पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम के विभिन्न विकास कार्यों के साथ-साथ आगामी कुंभ से संबंधित तैयारियों को लेकर विभागीय समन्वय, कार्यों की प्रगति एवं आवश्यक संसाधनों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कुंभ से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार, अधिशासी अभियंता रचना पायल सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




