हरिद्वार

नगर निगम हरिद्वार एवं आईटीसी मिशन “सुनहरा कल” द्वारा ऋषिकुल चौक पर चलाया विशेष स्वच्छता अभियान

कमल मिश्रा 

हरिद्वार, 17 जून 2026।  मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार के “स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर हरिद्वार” के संकल्प को साकार करने तथा जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देशों के अनुपालन में, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मार्गदर्शन में नगर निगम हरिद्वार एवं आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त तत्वावधान में आज ऋषिकुल चौक पर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान का संचालन नगर निगम हरिद्वार के सेनेटरी इंस्पेक्टर  संजय शर्मा एवं  राजेश  के सहयोग से संपन्न हुआ।


अभियान के दौरान आईटीसी मिशन सुनहरा कल की टीम ने क्षेत्र से लगभग 32 कट्टे सूखा एवं गीला कचरा एकत्रित कर नगर निगम हरिद्वार को सुपुर्द किया। एकत्रित कचरे का नगर निगम द्वारा वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल विधि से निस्तारण कराया जाएगा।
इस विशेष अभियान में आईटीसी मिशन सुनहरा कल की सहयोगी संस्थाओं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, आईजीडी, लोकमित्र एवं बंधन के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी प्रतिभागियों ने श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।


नगर निगम हरिद्वार एवं आईटीसी मिशन सुनहरा कल के इस संयुक्त प्रयास ने यह संदेश दिया कि शासन, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और आमजन की सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर हरिद्वार का सपना साकार किया जा सकता है। यह विशेष स्वच्छता अभियान माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार की स्वच्छता परिकल्पना को जन-जन तक पहुँचाने और उसे जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!