आईटीसी मिशन सुनहरा कल की पहल से सलेमपुर में सजा स्कूल रेडीनेस मेला, बच्चों की प्रतिभा ने जीता सभी का दिल

कमल मिश्रा

सलेमपुर, 24 जून 2026। आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सौजन्य से प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा सलेमपुर आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-17 में स्कूल रेडीनेस मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास का आकलन कर उन्हें विद्यालयी शिक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना था।

मेले में बच्चों के विकास के पाँच प्रमुख क्षेत्रों पर आधारित आकर्षक गतिविधि स्टॉल लगाए गए, जहाँ बच्चों का स्कूल रेडीनेस असेसमेंट किया गया। मूल्यांकन के आधार पर प्रत्येक बच्चे की प्रगति रिपोर्ट तैयार कर रिपोर्ट कार्ड उनकी माताओं को प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मवीर, सीडीपीओ सुलेखा सहगल, आईटीसी मिशन सुनहरा कल की टीम से आर्यन मिश्रा एवं उज्ज्वल, तथा एसबीएमए टीम से पंत जी एवं रंजीत जी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया, गतिविधियों को समझा तथा बच्चों से संवाद स्थापित किया।

बच्चों ने “हाथी राजा”, “शेर” और “चूहे” जैसी रोचक कहानियाँ सुनाकर सभी का मन मोह लिया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का बच्चों ने आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ उत्तर देकर अपनी प्रतिभा और सीखने की क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसकी सभी ने सराहना की।

स्कूल रेडीनेस मेले के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सहयोग से नवीनीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण नवीनीकरण कार्य, आकर्षक टीएलएम (Teaching Learning Material) पेंटिंग तथा बच्चों के लिए विकसित किए गए शिक्षण-अनुकूल वातावरण की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को सुदृढ़ बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

मेले में लगभग 70–80 बच्चों एवं 40–50 माताओं ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मवीर, सीडीपीओ सुलेखा सहगल एवं ग्राम प्रधान संगीता देवी ने बच्चों को उनके रिपोर्ट कार्ड वितरित किए।
कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों एवं अधिकारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। सभी ने आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को सशक्त बनाने की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।




