जनभागीदारी से साकार हो रहा स्वच्छ गंगा का संकल्प, विष्णु घाट पर स्वच्छता अभियान बना कांवड़ यात्रियों के लिए प्रेरणा

कमल मिश्रा
हरिद्वार। दिव्य एवं भव्य कांवड़ मेला–2026 के अवसर पर हर की पैड़ी क्षेत्र स्थित विष्णु घाट पर माँ गंगा की स्वच्छता, निर्मलता एवं अविरलता बनाए रखने के उद्देश्य से आईटीसी मिशन सुनहरा कल, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम एवं नगर निगम हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक स्वच्छता जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।

यह अभियान न केवल घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि हजारों श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों के बीच पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का प्रभावी संदेश भी पहुँचा रहा है।

आज के इस अभियान में जनभागीदारी से 38 बैग सिंगल यूजर प्लास्टिक एवं पन्नियां एकत्र कर निस्तारण हेतु प्रेषित की गई।

अभियान के अंतर्गत संस्था के कार्यकर्ता विष्णु घाट पर श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों एवं स्थानीय दुकानदारों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें सिंगल-यूज़ प्लास्टिक, प्लास्टिक की बोतलों एवं अन्य प्लास्टिक उत्पादों के उपयोग से बचने, कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा माँ गंगा की पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही सभी से यह भी आग्रह किया जा रहा है कि धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी अपनी जिम्मेदारी के रूप में अपनाएँ।

स्वयंसेवकों द्वारा घाट पर स्वच्छता संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा स्थानीय दुकानदारों से पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने और अपने प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की जा रही है। अभियान में शामिल लोगों का कहना है कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है, इसलिए इसकी स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति स्थायी व्यवहार परिवर्तन विकसित करना है। जब श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक, दुकानदार, स्वयंसेवी संस्थाएँ और नगर निगम प्रशासन एकजुट होकर स्वच्छता का संकल्प लेते हैं, तभी स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ हरिद्वार का सपना साकार होता है।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प दोहराया कि “माँ गंगा को स्वच्छ रखना ही सच्ची आस्था है और स्वच्छता अपनाना ही सबसे बड़ी सेवा है।” अभियान के दौरान निरंतर “स्वच्छता ही सेवा, स्वच्छता ही संस्कार” का संदेश प्रसारित करते हुए लोगों से गंगा घाटों को प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ बनाए रखने का आह्वान किया गया।
आईटीसी मिशन सुनहरा कल, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम एवं नगर निगम हरिद्वार का यह संयुक्त प्रयास कांवड़ मेले में जनभागीदारी की उत्कृष्ट मिसाल बनकर उभर रहा है और “स्वच्छ गंगा–स्वस्थ भारत” के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रहा है।




