राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को सुदृढ़ करता हैं तिरंगा: प्रो बत्रा
लीगल ऐड सेल ने निभाई अहम भागीदारी तिरंगे से प्रेरित पेंटिंग प्रतियोगिता में सोनम और स्नेहा ने मारी बाजी

कमल मिश्रा

हरिद्वार 12 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज, हरिद्वार में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगे से प्रेरित पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय की आतंरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, पर्यावरण प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, लीगल ऐड सेल, एंटी ड्रग सेल, मानक क्लब के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के रंगों एवं राष्ट्रीय भावना को केंद्र में रखते हुए विभिन्न आकर्षक पोस्टर तथा पेंटिंग्स का निर्माण किया। उनकी चित्रकारी में देशप्रेम, राष्ट्रीय गौरव, स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के प्रति सम्मान तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता की भावना प्रभावशाली रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। प्रो. बत्रा ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों द्वारा कला के माध्यम से तिरंगे के प्रति अपनी भावनाओं की अभिव्यक्ति इस अभियान को और अधिक सार्थक बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं में देशभक्ति के साथ-साथ सृजनात्मकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती हैं। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ संजय कुमार माहेश्वरी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, संप्रभुता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। युवा पीढ़ी जब तिरंगे को अपनी कला और विचारों से जोड़ती है, तो यह राष्ट्र के प्रति उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो विनय थपलियाल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। महाविद्यालय द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
इस अवसर पर सह अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ शिव कुमार चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों ने महाविद्यालय प्रशासन को प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि तिरंगे से प्रेरित चित्रों के माध्यम से उन्हें अपनी राष्ट्रभक्ति और भावनाओं को कलात्मक रूप में व्यक्त करने का अवसर मिला।
इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार संयुक्त रूप से बी एस सी की छात्रा सोनम पालीवाल तथा बी ए की छात्रा स्नेहा को प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता का द्वितीय पुरस्कार संयुक्त रूप से बी ए की छात्रा प्रिया रघुवंशी तथा बी कॉम की छात्रा शीतल को प्राप्त हुआ। जबकि तृतीय पुरस्कार बी कॉम की छात्रा दीक्षा रावत, बी ए की छात्रा प्रिन्सी राजपूत तथा बी एस सी की छात्रा मीनाक्षी को प्राप्त हुआ। इस प्रतियोगिता में बी ए की छात्रा ख़ुशी रावत, यासमीन तथा कशिश सैनी को सांत्वना पुरस्कार मिला। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका मनोज सहगल, अमित कुमार तथा श्रीमती सोनल ने निभाई। जबकि संयोजक मंडल में डॉ संजय कुमार माहेश्वरी, डॉ पल्लवी तथा डॉ मिनाक्षी शर्मा ने कार्यो का निर्वहन किया। इस अवसर पर प्रो जे सी आर्य, डॉ मनोज सोही, डॉ विजय शर्मा, वैभव बत्रा, डॉ पूर्णिमा सुन्दरियाल, डॉ मोना शर्मा, विनीत सक्सेना, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय सहित अनेक छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।




