Blog

मेयर किरण जैसल एवं नगर आयुक्त की अध्यक्षता में निगम के 60 वार्डो में चलाया गया सफाई अभियान

कांवड़ मेले के बाद नगर निगम हरिद्वार का नया संकल्प हर महीने के चलेगा स्वच्छता महाअभियान - मेयर किरण जैसल 

कमल मिश्रा

हरिद्वार 26 जुलाई 2025। कांवड़ मेले के सफल समापन के उपरांत नगर निगम  द्वारा महापौर  किरण जैसल एवं नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम के सभी 60 वार्डों मेंस्वच्छता  महाअभियान एक साथ संचालित किया गया। इसमें सभी माननीय पार्षदगणों एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहयोग किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि इस अभियान में नगर निगम के 1200 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित हुए, जिन्होंने नगर के सभी वार्डों में गलियों, सार्वजनिक स्थलों, घाटों, नालियों एवं अन्य क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष नगर निगम ने कांवड़ मेले के अंतिम दिन ही सभी प्रमुख घाटों की सफाई पूरी कर ली थी तथा 48 घंटों के भीतर लगभग 6000 मीट्रिक टन कूड़ा एकत्र कर वैज्ञानिक विधि से निस्तारित किया गया। यह पूरे देश में स्वच्छता के क्षेत्र में एक मॉडल उदाहरण के रूप में सामने आया।

अब हर महीने होगा स्वच्छता महाभियान — महापौर  किरण जैसल

महाअभियान के उपरांत माननीय महापौर  किरण जैसल  ने  घोषणा की गई कि अब प्रत्येक माह के अंतिम दिवस को नगर निगम हरिद्वार के सभी 60 वार्डों में “स्वच्छता महाभियान” चलाया जाएगा, जिसमें माननीय पार्षदगणों, पर्यावरण मित्रों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

आज के अभियान में नगर निगम के अधिकारियों, पार्षदों के अलावा स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारी संगठनों और स्कूल कॉलेज के छात्रों ने भी भाग लिया। इस व्यापक जनभागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि हरिद्वार को स्वच्छ बनाना एक साझा संकल्प है।

Related Articles

Back to top button