एसबीएमए और आईटीसी मिशन की टीम ने दिया स्वच्छता में सहभागिता • स्वच्छ भारत • विकसित भारत” का दिया संदेश

कमल मिश्रा
हरिद्वार। स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता पखवाड़े का भव्य समापन 1 अक्टूबर 2026 को जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रांगण में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम (SBMA) एवं ITC Mission Sunehra Kal की टीम उपस्थित रही।

17 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चला व्यापक स्वच्छता अभियान
स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत 17 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक चले इस पखवाड़े में स्वच्छता को जनभागीदारी और जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

ITC Mission Sunehra Kal एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा स्थानीय निकायों के सहयोग से शिवालिक नगर, सलेमपुर, अरावली महादेव, रोड़ीबेलवाला के रावण मैदान, विष्णु घाट, मालवीय घाट तथा सीबीआर टावर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए।
इन अभियानों में टीम के सदस्यों, स्थानीय नागरिकों एवं स्वच्छता सहयोगियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए सार्वजनिक स्थलों से कचरा एवं प्लास्टिक एकत्र किया तथा लोगों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया।

नगर निगम एवं नगर पालिका के साथ समन्वित प्रयास
पूरे पखवाड़े के दौरान नगर निगम हरिद्वार एवं नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। स्थानीय निकायों की टीमों और SBMA–ITC की संयुक्त भागीदारी ने अभियान को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा है। जब प्रशासन, स्थानीय निकाय, सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिक मिलकर कार्य करते हैं, तभी स्वच्छता को स्थायी जनआंदोलन बनाया जा सकता है।
स्वच्छता पखवाड़े का जन संदेश
स्वच्छता ही सेवा 2026 के इस पखवाड़े ने हरिद्वार में स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया। ITC Mission Sunehra Kal एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर विभिन्न सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता का संदेश पहुंचाया और नागरिकों से स्वच्छता को अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
“स्वच्छता में सहभागिता • स्वच्छ भारत • विकसित भारत” के संकल्प के साथ स्वच्छता ही सेवा 2026 का यह पखवाड़ा संपन्न हुआ।




