2 अक्टूबर के अवसर पर नगर निगम कार्यालय में महापौर किरण जैसल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को अर्पित किए श्रद्धा सुमन

कमल मिश्रा

हरिद्वार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर नगर निगम कार्यालय में महापौर किरण जैसल ने नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार के साथ ध्वजारोहण कर उपस्थित सभी लोगों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
इस अवसर पर महापौर किरण जैसल एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान आनंदमयी सेवा सदन बालिका म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। महापौर ने छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
छात्राओं एवं उपस्थित बच्चों से संवाद करते हुए महापौर ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन, विचारों और आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों से दोनों महान विभूतियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने सत्य, सादगी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश के भविष्य की आधारशिला है और उसे महान व्यक्तित्वों के विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के कर्मचारीगण, विद्यालय की छात्राएँ एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।




