अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सहयोग से हुआ उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान

प्रधान संपादक कमल मिश्रा
हरिद्वार। आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम, उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं उनकी सहयोगी संस्थाओं द्वारा विकास भवन सभागार में एक भव्य, रंगारंग एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद स्तर की महिला अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद की प्रथम महिला प्रज्ञा दीक्षित द्वारा केक काटकर किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने महिला अधिकार, महिला शिक्षा, किशोरी स्वास्थ्य तथा घरेलू हिंसा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाएँ परिवार और समाज की रीढ़ होती हैं और उनके बिना परिवार एवं समाज की संरचना अधूरी है।
उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि स्थानीय मोटे अनाज जैसे चौलाई, मड़वा, बारानाजा और रागी को अपने भोजन में शामिल करना महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने आईटीसी मिशन सुनहरा कल द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायी पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने भी महिला सुरक्षा, महिला स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को प्रेरित करते हुए “तू खुद को बदल, अभी तो ज़माना बदलेगा” गीत के माध्यम से आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।
इस अवसर पर जनपद स्तर की अनेक महिला अधिकारीगण भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में आईटीसी लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक अनंत महेश्वरी ने मंचासीन सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में समाज के विभिन्न क्षेत्रों—शिक्षा, स्वास्थ्य, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वयं सहायता समूहों तथा समुदाय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, मोहल्ला स्वच्छता समिति की अध्यक्षाओं एवं सहयोगी संस्थाओं की महिला कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सीएसआर प्रमुख पमेश कुमार, रमेश, सचिन काम्बले तथा आर्यन मिश्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सहयोगी संस्थाओं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, पीपीएचएफ, लोकमित्र, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, आईडीएस, प्रथम इन्फोटेक तथा मैजिक बस फाउंडेशन की टीमों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
यह कार्यक्रम महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को समर्पित एक प्रेरणादायी पहल के रूप में संपन्न हुआ, जिसने समाज में नारी शक्ति के महत्व और उनके योगदान को उजागर किया।



