आईटीसी मिशन सुनहरा कल के नेतृत्व में आईटीसी लिमिटेड परिसर में चला विशेष स्वच्छता अभियान

कमल मिश्रा

हरिद्वार, 25 जून 2026। जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देशों के अनुपालन में आज आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं उसकी सहयोगी संस्थाओं द्वारा श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के नेतृत्व में आईटीसी लिमिटेड, सिडकुल परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

अभियान में आईटीसी लिमिटेड के मानव संसाधन प्रमुख, सिडकुल के आरएम, फैक्ट्री के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई की तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थल बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर आईटीसी लिमिटेड के मानव संसाधन प्रमुख ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से आवश्यक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, कार्यक्षमता में वृद्धि तथा सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। टीम ने सभी से सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से बचने, कचरे का पृथक्करण करने, गीले एवं सूखे अपशिष्ट का अलग-अलग निस्तारण करने तथा अपने कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्र को सदैव स्वच्छ रखने का आह्वान किया।

आईटीसी मिशन सुनहरा कल द्वारा निरंतर जनसहभागिता आधारित स्वच्छता अभियानों के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर हरिद्वार के निर्माण की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना है।





