पिथौरागढ़

जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल का  किया औचक निरीक्षण अव्यवस्थाओं पर डीएम ने जताई कड़ी नाराज़गी

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में खामियों पर जिलाधिकारी नाराज़, तत्काल सुधार के दिए निर्देश, जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर डीएम की पैनी नजर, साफ-सफाई व कार्यशैली में सुधार के निर्देश

उत्तराखंड उवाच ब्यूरो 

पिथौरागढ़ 28 जुलाई 2026।  जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों एवं लापरवाही पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल के उपलब्ध संसाधनों का बेहतर और शत प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों को उनका लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, पंजीकरण काउंटर, दवा भंडार, अग्नि सुरक्षा उपकरणों सहित अस्पताल के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर हर समय स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रहना चाहिए तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सभी अभिलेख एवं रजिस्टर अद्यतन रखने, कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा नाम पट्टिका एवं निर्धारित एप्रन पहनने के भी निर्देश दिए, जिससे मरीजों एवं तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल के वार्डों में बेडशीट, कम्बल तथा भोजन आदि सभी व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप रखा जाए। मरीजों को दी जाने वाली किसी भी सुविधा से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आएगी तो शाम अंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिए।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय में स्थापित 24×7 हेल्प डेस्क का भी शुभारंभ किया तथा हेल्प डेस्क का संपर्क नंबर 9045848889 जारी किया*। उन्होंने बताया कि इस नंबर पर कॉल कर आमजन चिकित्सकों की उपलब्धता, एम्बुलेंस सेवा, अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक जानकारियां चौबीसों घंटे प्राप्त कर सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.पी. सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!