चमोली

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से ग्रामीणों को दी एसआईआर अभियान की जानकारी

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के प्रति किया जागरूक

चमोली, 18 जून 2026 ।

जिलाधिकारी  गौरव कुमार के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, चमोली में पंजीकृत वृहद सांस्कृतिक दल “प्रकाश एण्ड दल” द्वारा विकासखंड दशोली की ग्राम पंचायत देवर खडोरा में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक, लोकगीत एवं संवादों के माध्यम से ग्रामीणों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के महत्व एवं प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि एसआईआर अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित रूप से दर्ज करना तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न होने देना है। इसके साथ ही मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए रखने के लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया गया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) का सहयोग करते हुए गणना प्रपत्रों को सही जानकारी के साथ भरें और आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं।

सांस्कृतिक दल ने लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका, मतदाता सूची के नियमित अद्यतन तथा जनभागीदारी के महत्व को सहज एवं मनोरंजक ढंग से प्रस्तुत किया। कलाकारों ने गीत-संगीत और संवादों के माध्यम से यह संदेश दिया कि मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है और इसमें आमजन की सक्रिय सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को एसआईआर अभियान के विभिन्न पहलुओं, गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त जानकारी को उपयोगी बताते हुए अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!