जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं नगर पालिका शिवालिक नगर के संयुक्त सहयोग से नवोदय नगर में सघन स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण

कमल मिश्रा
हरिद्वार, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के संकल्प से जोड़ते हुए नवोदय नगर वार्ड संख्या-13 में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार, आईटीसी मिशन सुनहरा कल, नगर पालिका शिवालिक नगर, चौखंबा माइग्रेंट तथा श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में नवोदय चौक से पूर्व विशेष स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व सिविल जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की सचिव श्रीमती सिमरनजीत सिंह कौर ने किया। उनके नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में सैकड़ों स्वयंसेवकों, स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 11 छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया गया। पौधों की सुरक्षा एवं दीर्घकालिक संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका शिवालिक नगर द्वारा ट्री-गार्ड भी स्थापित किए गए, जिससे यह वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता न रहकर स्थायी हरित पहल का स्वरूप ग्रहण कर सके।

स्वच्छता अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने सड़क किनारों, सार्वजनिक स्थलों एवं खाली भूखंडों में फैले प्लास्टिक, पॉलीथिन तथा अन्य ठोस अपशिष्ट को एकत्रित किया। अभियान में 64 कट्टे (बैग) ठोस अपशिष्ट तथा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कचरा एकत्रित कर वैज्ञानिक निस्तारण हेतु नगर पालिका शिवालिक नगर को सौंपा गया। नगर पालिका ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्त अपशिष्ट का तत्काल उठान कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में सिविल जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत सिंह कौर ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण देना है तो प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना, कचरे का पृथक्करण करना तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाना होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित कर स्वच्छता कर्मियों को देने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

वार्ड संख्या-13 के सभासद दीपक नौटियाल ने अभियान में सहयोग देने वाली सभी संस्थाओं, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ नगर का निर्माण संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने और नियमित रूप से स्वच्छता अभियानों में सहभागिता करने की अपील की।
कार्यक्रम में आईटीसी मिशन सुनहरा कल की टीम ने अभियान के सफल संचालन, जनजागरूकता, स्वयंसेवकों के समन्वय, स्वच्छता गतिविधियों तथा पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों के प्रभावी प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की संपूर्ण टीम रंजीत कैंतुरा के नेतृत्व में पूरे अभियान के दौरान सक्रिय रूप से उपस्थित रही और श्रमदान कर अभियान को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनसहभागिता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम इस संदेश को सशक्त रूप से स्थापित करता है कि स्वस्थ शरीर के लिए योग जितना आवश्यक है, उतना ही स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण के लिए सामूहिक सहभागिता भी आवश्यक है।

कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद शिवालिक नगर, विधिक प्राधिकरण वार्ड नंबर 13 की सम्मानित जनता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवक, एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता कर *”स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित हरिद्वार”* के संकल्प को साकार करने की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह प्रेरणादायी पहल निश्चित रूप से क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने तथा भविष्य के स्वच्छता अभियानों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण सिद्ध होगी।





