Blog

कांवड़  मेले के दौरान गौ घाट पर शौचालयों पर रेट से अधिक की वसूली की शिकायत पर नगर आयुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई

संबंधित ठेकेदारों एवं शौचालय संचालकों को दी चेतावनी, चस्पा किया रेट लिस्ट

कमल मिश्रा 

हरिद्वार, 20 जुलाई 2025। कांवड़ मेला 2025 के दृष्टिगत नगर निगम हरिद्वार द्वारा सभी सार्वजनिक शौचालय संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि शौच हेतु ₹2 का नाममात्र शुल्क लिया जाएगा, जबकि मूत्रालय का उपयोग पूर्णतः निशुल्क रहेगा। यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुविधा एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए पूर्व में ही नगर निगम द्वारा निर्गत किया गया था।

किन्तु आजल नगर निगम को शिकायत प्राप्त हुई कि गौ घाट स्थित एक शौचालय पर मूत्रालय उपयोग हेतु ₹10 शुल्क वसूला जा रहा है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त के निर्देश पर मुख्य सफाई निरीक्षक  विकास चौधरी द्वारा तत्काल आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान शौचालय पर शुल्क सूची चस्पा पाई गई, तथा मुख्य सफाई निरीक्षक द्वारा शौचालय संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शुल्क केवल संशोधित दर सूची के अनुसार ही लिया जाए।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेले के दौरान निगम क्षेत्र अंतर्गत सभी शौचालयों की निगरानी सघन रूप से की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। निगम द्वारा विभिन्न अधिकारियों को क्षेत्रवार शौचालयों की जिम्मेदारी सौंपी गई है:

निम्नाकिंत अधिकारियों की वार्डवार  निरीक्षण की जिम्मेदारी रहेगी 

सहायक नगर आयुक्त (स्वास्थ्य): रोडी बेलवाला एवं पंतद्वीप वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी: वार्ड 1–10

सहायक नगर आयुक्त (कर अनुभाग): वार्ड 11–20

उप नगर आयुक्त: वार्ड 21–30

सहायक नगर आयुक्त (निर्माण): वार्ड 31–40

🧾 निरीक्षण के  दौरान मुख्य बिंदुओं पर रहेगा फोकस

1. प्रत्येक शौचालय पर संशोधित शुल्क सूची चस्पा होना अनिवार्य है।

2. अधिकारी निरीक्षण के समय रेट लिस्ट की प्रति अपने साथ रखें।

3. स्वच्छता की स्थिति का मूल्यांकन करें — गंदगी पाए जाने पर संबंधित संचालक पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

4. सभी आवश्यक सुविधाएं सक्रिय एवं सुचारु रूप से उपलब्ध हों यह सुनिश्चित करें।

5. निरीक्षण के उपरांत संक्षिप्त रिकॉर्ड संधारित किया जाए एवं जहां कमियां पाई जाएं वहां पुनः निरीक्षण अगले दिन किया जाए।

नगर निगम हरिद्वार ने यह भी स्पष्ट किया है कि कांवड़ियों की सेवा और स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और संबंधित ठेकेदारों एवं शौचालय संचालकों को चेतावनी दी गई है कि निगम के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button